Chandauli news : धीना डबल मर्डर केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, धानापुर ब्लॉक के पास से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Published:

22 अक्टूबर को बोरे में मिले थे दो युवकों के शव, कई दिनों से फरार चल रहे थे दोनों आरोप

Chandauli news: चर्चित डेढ़गांवा डबल मर्डर(Dedhgawan double murder news) मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धानापुर पुलिस ने दोहरे हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मेढ़वा गांव निवासी विकास सिंह पुत्र हरिहर सिंह और सूर्यप्रकाश सिंह उर्फ छोटू पुत्र राकेश सिंह को बुधवार शाम करीब छह बजे धानापुर ब्लॉक के पास से दबोच लिया।

गौरतलब है कि बीते 22 अक्टूबर को धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गांवा गांव के समीप एक बोरे में दो युवकों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। बाद में मृतकों की पहचान कानपुर निवासी सागर त्रिपाठी और गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना क्षेत्र स्थित बरहपुर गांव निवासी सिद्धार्थ सिंह के रूप में हुई थी।

Police गिरफ्त में आरोपी

शुरुआती जांच में मामला जमीन और पैसों के लेनदेन से जुड़ा बताया गया था। वहीं, इस हत्याकांड के अगले दिन बिहार के रोहतास जिले में शराब तस्करी के मामले में दो अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। इनमें मेढ़वा निवासी रवि सिंह और अमादपुर निवासी गोलू शामिल बताए गए। पूछताछ के दौरान ही विकास सिंह और सूर्यप्रकाश उर्फ छोटू के नाम सामने आए थे।

इसके बाद से ही दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धीना और धानापुर पुलिस(Dhanapur police) की टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी धानापुर ब्लॉक के आसपास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई के बाद दोहरे हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस की आगे की कार्रवाई और पूछताछ के बाद ही हत्याकांड की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़