Ghazipur News: घरौनी में नाम चढ़ाने के लिए मांगी रिश्वत, पांच हजार लेते लेखपाल गिरफ्तार

Published:


तहसील के मुख्य गेट पर एंटी करप्शन टीम ने की कार्रवाई, शिकायतकर्ता से मांगी थी रकम


गाजीपुर। जखनियां तहसील में शनिवार को एंटी करप्शन वाराणसी मंडल की टीम ने एक लेखपाल को पांच हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। टीम ने यह कार्रवाई तहसील के मुख्य गेट नंबर एक के सामने की। लेखपाल की गिरफ्तारी के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एंटी करप्शन टीम के अनुसार, बिरयाबाद थाना क्षेत्र के बधाव (देईपुर) गांव निवासी विनय यादव ने 23 नवंबर को वाराणसी स्थित कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मां सुदेशरी देवी की आबादी की जमीन की घरौनी में नाम दर्ज कराने के लिए रिपोर्ट लगाने के बदले क्षेत्रीय लेखपाल मनोज कुमार पांडेय पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और लेखपाल को पकड़ने की योजना बनाई। शनिवार को शिकायतकर्ता को रकम देने के लिए जखनियां तहसील बुलाया गया। दोपहर करीब 3:51 बजे तहसील के मुख्य गेट के सामने लेखपाल ने जैसे ही पांच हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए एंटी करप्शन टीम के सदस्यों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत की रकम बरामद हुई।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़