गोरखपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) बस्ती ने खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से 10 माह की बच्ची के अपहरण के मामले का महज तीन घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद करते हुए अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जीआरपी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से 10 माह की बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार (निवासी हनुमानगढ़ी गिरी, थाना कोतवाली, जनपद संतकबीरनगर) को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अपहृत बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर अक्सर आता-जाता था। वहां एक महिला को बच्ची के साथ कई दिनों से अकेले देख रहा था। उसने महिला से अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन महिला के इनकार करने पर नाराज होकर बच्ची का अपहरण कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Published:

