गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में देरी और सत्र पिछड़ने के विरोध में मंगलवार को छात्रों ने प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए जिलाधिकारी के प्रतिनिधि सदर तहसीलदार राजीव यादव को कुलपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PUCRET) की विज्ञप्ति तत्काल जारी करने समेत अन्य मांगें उठाईं।
ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों ने कहा कि गाजीपुर जिले के हजारों शोधार्थी प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। आरोप लगाया कि वर्ष 2022 से 2026 के बीच विश्वविद्यालय में महज दो बार पीएचडी प्रवेश परीक्षा कराई गई। इसके चलते 2023 और 2025 का सत्र शून्य हो गया। सितंबर का महीना बीतने को है, लेकिन सत्र 2026-27 के लिए अभी तक आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई है।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही से हजारों छात्रों का शैक्षणिक और शोध भविष्य प्रभावित हो रहा है। नए कुलपति से छात्रों को न्याय की उम्मीद है। मांग की कि सत्र 2026-27 के लिए पीएचडी प्रवेश का नोटिफिकेशन बिना देरी जारी किया जाए।
छात्र नेता प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’ ने कहा कि सरकार शैक्षणिक सत्र नियमित करने पर जोर दे रही है, जबकि पूर्वांचल विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने में लंबा समय लग रहा है। यदि एक माह के भीतर स्पष्ट अकादमिक कैलेंडर जारी कर प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो छात्र लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे।
छात्र किशन विश्वकर्मा ने कहा कि 2023 और 2025 का सत्र शून्य होने से पीजी पास अभ्यर्थियों के कई साल प्रभावित हुए हैं। फॉर्म भरने से लेकर परीक्षा, साक्षात्कार, डीआरसी/आरडीसी और गाइड आवंटन तक की समय सीमा निर्धारित की जानी चाहिए।
आकाश चौधरी ने कहा कि ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल (कुलाधिपति), उच्च शिक्षा मंत्री, यूजीसी सचिव और कुलसचिव को भी भेजी गई है। छात्रों ने मांग की कि सत्र 2026-27 की पीएचडी प्रवेश परीक्षा की विज्ञप्ति तत्काल जारी करने, फॉर्म, परीक्षा, साक्षात्कार और गाइड आवंटन के लिए निश्चित अकादमिक कैलेंडर घोषित करने तथा वर्ष में दो बार प्रवेश परीक्षा कराने की व्यवस्था लागू की जाए।
सदर तहसीलदार राजीव यादव ने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों का पत्रक सक्षम प्राधिकारी और कुलपति को भेज दिया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक उपाध्याय, प्रद्युम्न सिंह यादव ‘राजन’, आकाश चौधरी, किशन विश्वकर्मा, संजीद कुमार, अभिषेक गुप्ता आदि शामिल रहे।

