Ghazipur News: ईवीएम गोदाम पहुंचे डीएम, सुरक्षा इंतजामों से लेकर एफएलसी तैयारियों तक परखी व्यवस्था

Published:


गाजीपुर। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में गोदाम खोला गया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
डीएम ने ईवीएम की आगामी एफएलसी की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने गोदाम में ईवीएम की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों को देखा। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेने के साथ ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएं। ईवीएम गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी राजीव राय, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह मौजूद रहे। राजनीतिक दलों की ओर से भाजपा के राजन प्रजापति, सपा के राजेश कुमार यादव, कांग्रेस के रविकांत राय, बसपा के आदित्य कुशवाहा व जनक लाल प्रसाद तथा आम आदमी पार्टी के जावेद अहमद और नगेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण की कार्रवाई निर्धारित प्रक्रिया और पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़