गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महात्मा गांधी के जीवन-संघर्ष, आदर्शों और सत्य, अहिंसा व स्वच्छता के संदेश पर प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने तथा महात्मा गांधी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को गांधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए गांधी के आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षक गीता राय को अति उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी यातायात, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

