
भांवरकोल। विकास खंड के धनेठा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को एडीओ पंचायत की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जन चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, आवास, पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। एडीओ पंचायत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराने के लिए जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों से भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की गई।
इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह, सचिव बृजेश कुमार,रवि कुमार, पंचायत सहायक पूजा यादव, कोटेदार राजकुमार, सफाई कर्मचारी हरेराम,राजन सहित ग्राम पंचायत के कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।













