भांवरकोल। शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना में चारपाई पर सो रहे दिनेश यादव उर्फ बुगा यादव जसदेवपुर (52) की सर्पदंश से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात लगभग दो बजे सोते समय कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजन आनन-फानन में दिनेश यादव को इलाज के लिए फातिमा अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि मृतक दिनेश यादव के तीन पुत्र हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है।
घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह बताई जा रही है कि दिनेश को डसने के बाद कोबरा सांप भागा नहीं, बल्कि चारपाई के पास ही बैठा रहा। इससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
खबर लिखे जाने तक परिजन दिनेश को बचाने की उम्मीद में हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
Ghazipur news: भांवरकोल चारपाई पर सोते हुए व्यक्ति को सांप ने डंसा, मौत
