Ghazipur News: सादात में 2.02 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया कब्जा

Published:


गाजीपुर। जखनिया तहसील के सादात में प्रशासन ने गाटा संख्या-30 की 0.253 हेक्टेयर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवा दिया। राजस्व अभिलेखों में भूमि आबादी के रूप में दर्ज है। प्रशासन के अनुसार, भूमि पर कुछ लोगों के अनधिकृत कब्जे की शिकायत मिली थी। जांच के बाद 16 सितंबर को राजस्व विभाग और नगर पंचायत की टीम की मौजूदगी में कब्जा हटवाया गया।

उप जिलाधिकारी जखनिया के निर्देश पर राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ संबंधित राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके का निरीक्षण किया। प्रशासन के मुताबिक स्थलीय जांच में अनधिकृत कब्जा मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। कब्जा हटाने के बाद भूमि को पूरी तरह कब्जामुक्त करा दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार गाटा संख्या-30 की 0.253 हेक्टेयर भूमि की बाजार कीमत करीब 2.02 करोड़ रुपये है। इसी भूमि पर नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण प्रस्तावित है। संबंधित राजस्व कर्मचारियों को भूमि की निगरानी करने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

संस्कृत पाठशाला की जमीन पर कब्जे का दावा गलत बताया

प्रशासन ने गाटा संख्या-30 के समीप स्थित गाटा संख्या-309 को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। बताया कि 0.117 हेक्टेयर रकबे वाली यह भूमि राजस्व अभिलेखों में संस्कृत पाठशाला सादात के नाम दर्ज है। प्रशासन के अनुसार, संस्कृत पाठशाला की भूमि पर कब्जा कर नगर पंचायत कार्यालय बनाए जाने की बात सही नहीं है। पाठशाला की भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया गया है और वहां संस्कृत पाठशाला पूर्ववत संचालित है।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़