गाजीपुर। कोडरी बनकटा गांव में सोमवार सुबह निर्माणाधीन मकान का बारजा अचानक गिरने से उसके मलबे में दबकर मकान मालिक जितेंद्र प्रसाद (45) की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन उन्हें उपचार के लिए मऊ जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि जितेंद्र प्रसाद सुबह करीब छह बजे अपने निर्माणाधीन मकान के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक बारजा भरभराकर उनके ऊपर आ गिरा। हादसे में वह मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी। परिजनों के अनुसार जितेंद्र मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कई वर्षों से धीरे-धीरे रुपये जोड़कर मकान का निर्माण करा रहे थे। अभी मकान की छत का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ था। परिवार बगल में सीमेंट शीट से बने कमरे में रह रहा था।
जिस मकान को जितेंद्र परिवार के लिए बड़े अरमान से बनवा रहे थे, उसी के निर्माण के दौरान हुए हादसे में उनकी जान चली गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सांभा देवी और बेटे अंबुज व राजकपूर का रो-रोकर बुरा हाल है।

