करंडा। थाना क्षेत्र के चोचकपुर स्थित मौनी बाबा घाट पर गुरुवार की देर शाम गंगा नदी में नंदगंज थाना क्षेत्र के अगस्ता गांव निवासी सुरेंद्र प्रसाद (60) के डूबने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद करंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गंगा में उनकी तलाश शुरू कराई।
घटना गुरुवार को करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार घाट पर एक पर्ची मिली है, जिस पर नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखे होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पर्ची में घरवालों को सूचना देने के लिए विवरण लिखा गया था। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली। स्थानीय लोगों की मदद से गंगा नदी में वृद्ध की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की छानबीन के साथ ही पर्ची और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार पाठक ने बताया कि सुरेंद्र प्रसाद के गंगा में डूबने की सूचना मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा तलाश और जांच की जा रही है।

