निरीक्षण में न हरा चारा पर्याप्त मिला और न ही सफाई की व्यवस्था, पहले भी दी गई थी चेतावनी
गाजीपुर। गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। देवकली विकासखंड के बड़हरा गांव स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के अनुसार, आश्रय स्थल का संचालन श्री कृष्ण कन्हैया शिक्षण संस्थान, बुढ़नपुर (शादियाबाद) की ओर से किया जा रहा है। संस्थान के प्रबंधक कन्हैया यादव हैं। 28 नवंबर को किए गए निरीक्षण में गोवंश के लिए पर्याप्त हरे चारे की व्यवस्था नहीं मिली। वहीं, परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी ठीक नहीं पाई गई। प्रबंधक को पहले भी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन सुधार नहीं हुआ।
सीडीओ ने बताया कि व्यवस्थाओं में कमी से गोवंश के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा था। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर पशु चिकित्सा अधिकारी नंदगंज विवेक कुमार ने संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उधर, जिलाधिकारी ने जिले के सभी गोवंश आश्रय स्थलों में भूसा, हरा चारा, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कहीं भी लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी, एनजीओ, प्रशासक और सचिव के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।


