गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास भवन स्थित ऑडिटोरियम सभागार में 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 317 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को करीब 48 लाख रुपये की लागत के 1035 सहायक उपकरण वितरित किए गए। उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।
भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर और जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर, घुटने और कमर की बेल्ट समेत विभिन्न सहायक उपकरण दिए गए।
समाजसेवी अभिनव सिन्हा ने कहा कि दिव्यांगजन खुद को अकेला न समझें। पूरा देश और सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य दिव्यांगजनों की भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना सशक्त भारत की पहचान है। केंद्र सरकार उनके सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। जखनियां विधायक बेदी राम ने कहा कि सरकार ने दिव्यांगजनों को सम्मान देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की हैं।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के पहले दिन सेवा दिवस के रूप में 317 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देकर उनके जीवन को सुगम बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट, मुख्यमंत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को 20-20 हजार रुपये के चेक प्रमाणपत्र और कंप्यूटर प्रशिक्षण के प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, एमएलसी प्रतिनिधि प्रदीप पाठक, सीडीओ आलोक प्रसाद, एलिम्को के वरिष्ठ प्रबंधक विकास शर्मा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
Ghazipur News: 317 दिव्यांगजनों को बांटे गए 1035 सहायक उपकरण
