जंगीपुर। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए रविवार को जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय और सत्यदेव डिग्री कॉलेज, बोरसिया फदनपुर के संयुक्त प्रयास से आयोजित मेले में दो हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 654 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिए गए।
रोजगार मेले का उद्घाटन जिला पंचायत प्रशासक सपना सिंह ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलते हैं। युवाओं तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार की जरूरत है। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने कहा कि युवाओं का कौशल विकास रोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। सेवायोजन विभाग की ओर से देश के अलावा विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मेले में 25 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, अशोक लीलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंडाल्को रेनुकूट, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, पीएनबी मेटलाइफ, रोहित हाईब्रिड सीड्स सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इस दौरान सत्यदेव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक प्रो. सानंद सिंह, काउंसलर दिग्विजय उपाध्याय, निदेशक अमित रघुवंशी, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार सिंह और उप प्राचार्य नवनीत वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे। चयनित युवाओं को अतिथियों ने ऑफर लेटर प्रदान किए।

