सादात। ब्लॉक मुख्यालय पर शुक्रवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए शिविरों में नए लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गरीब, शोषित और वंचित लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा।
ब्लॉक परिसर में स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं। ये शिविर 25 सितंबर तक चलेंगे। यहां पेंशन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और बाल विकास विभाग से संबंधित समस्याओं का निस्तारण किया जा रहा है। पात्र लोगों का पंजीकरण भी कराया जा रहा है।
खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि विकास खंड स्तर से संचालित सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति को पारदर्शी तरीके से दिलाया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसी ग्रामीण को किसी की सिफारिश की जरूरत नहीं है।
बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मुख्य अतिथि ने गर्भवती महिला मीना की गोद भराई की और बच्ची प्रिया का अन्नप्राशन कराया।
इस मौके पर सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज सिंह, सीडीपीओ सोनम सिंह, सुपरवाइजर मंजू सिंह, शिखा कन्नौजिया, अंजली सिंह, पार्वती, ममता, सुनीता, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डॉ. अनिल राय, सुशील राय, सीएम फेलो डॉ. बृजेश कुमार, विमला मौर्या, कुंदन सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

