गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में जिले के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्रों में होने वाले अपराधों की प्रकृति और सक्रिय अपराधियों की जानकारी लेते हुए महिला संबंधी अपराधों समेत टॉप-10 अपराधियों, गुंडों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और साक्ष्य संकलन के लिए कैमरों की व्यवस्था एवं उन्हें लिंक कराने, कंट्रोल रूम स्थापित करने और पुलिस बीट प्रणाली को मजबूत करने की समीक्षा की। इसके अलावा पुलिस पेंशनरों की बैठक, जनसुनवाई प्रार्थना पत्र, आईजीआरएस तथा ऑपरेशन दृष्टि और ऑपरेशन त्रिनेत्र की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के निस्तारण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों की सुनी समस्याएं:
अपराध समीक्षा बैठक के बाद पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न थानों और शाखाओं से आए पुलिसकर्मियों की समस्याएं पुलिस अधीक्षक ने सुनीं। समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ राकेश मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

