गाजीपुर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर मंगलवार को एक बार फिर सवाल उठे। प्रमुख समाजसेवी विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ के नेतृत्व में अंधऊ बाईपास रोड पर श्रमदान अभियान चलाकर सड़क के गड्ढों को भरा गया। इस दौरान उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर जिम्मेदार विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने कहा कि अंधऊ बाईपास रोड के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर पिछले सात वर्षों से धरना-प्रदर्शन और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में तीन जिलाधिकारियों का तबादला हो चुका है, लेकिन सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि सड़क निर्माण का कार्य जिस ठेकेदार को मिला था, उसके द्वारा धनराशि सरेंडर कर दी गई, लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हो सका।
उन्होंने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए करीब छह करोड़ रुपये स्वीकृत होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब तक धनराशि जारी नहीं होने से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। उन्होंने सवाल उठाया कि सात साल बीतने के बाद भी महत्वपूर्ण मार्ग के जीर्णोद्धार की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
20 गांवों के करीब 50 हजार लोगों का आवागमन
शम्मी सिंह के अनुसार अंधऊ बाईपास मार्ग से करीब 20 गांव जुड़े हैं और प्रतिदिन लगभग 50 हजार लोगों का आवागमन होता है। कभी यह मार्ग वीआईपी लेन के रूप में जाना जाता था और अंधऊ हवाई अड्डे को सर्किट हाउस से जोड़ता था। वर्तमान में जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल है।
स्वास्थ्य शिविर के खर्च पर भी उठाए सवाल
शहर में प्रस्तावित स्वास्थ्य शिविर को लेकर भी शम्मी सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लंका मैदान के बजाय नेहरू स्टेडियम, आईटीआई ग्राउंड, ऑडिटोरियम या ट्रामा सेंटर जैसे स्थानों पर शिविर आयोजित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लंका मैदान में स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्थाओं पर करीब चार से पांच करोड़ रुपये खर्च होने की बात सामने आ रही है। यदि इस खर्च को कम किया जा सके तो बची धनराशि का उपयोग शहर की जर्जर सड़कों के निर्माण में किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य की चिंता जरूरी है, लेकिन बदहाल सड़कें भी जनस्वास्थ्य और रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय हैं। प्रशासन को सड़क की समस्या पर भी प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए। श्रमदान अभियान में मनोज सिंह, राहुल राय, सूरज, मनीष, अजय, अनिल, इंदीवर, इमरान, प्रदीप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

