जंगीपुर। यूपीआई के जरिए साइबर ठगी के शिकार हुए तीन लोगों के कुल 7103 रुपये पुलिस ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से वापस करा दिए। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार जंगीपुर थाना क्षेत्र के देवकथिया गांव निवासी गोविंद सिंह यादव से 1011 रुपये, निहाल नगर वार्ड नंबर तीन निवासी आरती से 3192 रुपये और मानपुर गांव निवासी मो. आरिफ से 2900 रुपये की यूपीआई के माध्यम से ठगी हुई थी। पीड़ितों ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद जंगीपुर थाना साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से ठगी की रकम को होल्ड कराया। इसके बाद दो अक्तूबर को तीनों पीड़ितों के खातों में कुल 7103 रुपये वापस करा दिए गए। रकम वापस मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।

