Ghazipur news: भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण, गंदगी और सचिवों की कम मौजूदगी पर नाराज हुए परियोजना निदेशक

भांवरकोल। परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा ने शनिवार को भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्लॉक कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आवास योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय परियोजना निदेशक को कार्यालय परिसर, कंप्यूटर कक्ष तथा एडीओ समाज कल्याण कार्यालय में गंदगी मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के लिए सचिवों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद एडीओ पंचायत द्वारा फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य सरकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से एक बैठक बुलाई गई। बैठक में सचिवों की कम उपस्थिति देखकर परियोजना निदेशक वर्मा ने नाराजगी व्यक्त की। ब्लॉक मुख्यालय पर कुल 16 सचिवों में से केवल 7 सचिव ही बैठक में उपस्थित पाए गए।
एडीओ पंचायत ने जानकारी दी कि कुछ सचिव अवकाश पर हैं, जबकि अन्य क्षेत्र में विभिन्न सरकारी कार्यों में लगे हुए हैं। इसके बावजूद परियोजना निदेशक ने निर्देश दिया कि भविष्य में बैठकों में सभी संबंधित सचिवों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय कुमार मिश्र, सचिव शिवाजी पटेल, मु. महताब आलम, हरिओम कनौजिया, प्रमोद कुमार, अश्वनी कुमार भास्कर, रामाश्रय खरवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















