Ghazipur news: शक्करपुर रेलवे अंडरपास को मिली एनओसी, सात गांवों को बड़ी राहत

डॉ. जितेंद्र प्रसाद की पहल रंग लाई, वर्षों पुरानी मांग पूरी
गाजीपुर (मुहम्मदाबाद)। मुहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत शक्करपुर गांव में लंबे समय से लंबित रेलवे अंडरपास निर्माण को लेकर बड़ी प्रशासनिक सफलता मिली है। जिलाधिकारी द्वारा आधिकारिक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए जाने के बाद अब निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। इससे क्षेत्र के सात गांवों के हजारों ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
शक्करपुर क्षेत्र के बीच से गुजर रही रेलवे लाइन के कारण नोनहरा, पक्काइनार, मालीपुर, मुंडेरा, सादिकापुर, शक्करपुर और जलालपुर गांवों के ग्रामीण वर्षों से आवागमन में खतरा उठाते रहे हैं। स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और किसान प्रतिदिन रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर थे। कई बार दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय स्तर पर अंडरपास निर्माण की मांग लंबे समय से उठ रही थी, लेकिन प्रक्रिया लंबित थी।
इसी क्रम में डॉ. जितेंद्र प्रसाद (सहायक प्राध्यापक एवं सामाजिक पहलकर्ता) ने लगभग एक माह पूर्व अंडरपास निर्माण के लिए औपचारिक आवेदन प्रस्तुत किया। आवेदन में जनसुरक्षा, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास के बिंदुओं को प्रमुखता से रखा गया था। आवेदन के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से लगातार संवाद और फॉलोअप किया। परिणामस्वरूप जिलाधिकारी ने एनओसी जारी कर दी।
एनओसी जारी होने के बाद अब निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद तेज हो गई है। अंडरपास बनने से सातों गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और क्षेत्र की आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
डॉ. जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि यह केवल अंडरपास निर्माण की अनुमति नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। ग्रामीणों ने भी इसे जनसंकल्प की जीत बताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें निर्माण कार्य के शीघ्र प्रारंभ होने पर टिकी हैं।



