गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र में पशु चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुडेसर कबीरपुर क्षेत्र के बैफे बाजार का है, जहां बीती रात चोरों ने दो भैंस खोलकर चोरी कर ली। घटना से पशुपालकों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनारसी यादव और बंगाली चौधरी रोज की तरह अपनी-अपनी भैंसों को बाजार में बांधकर सो गए थे। देर रात करीब एक बजे जब उनकी नींद खुली तो दोनों भैंस मौके से गायब मिलीं। घबराए पशुपालकों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सुबह होते ही बनारसी यादव के पुत्र बृजेश अपने साथियों के साथ भैंसों की तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान अवथही गांव के पास एक बड़े बगीचे में दोनों भैंस बंधी हुई मिलीं। बताया जा रहा है कि यह स्थान कुडेसर कबीरपुर से लगभग चार किलोमीटर दूर है।
सूत्रों के अनुसार, इस घटना में सोनाडी गांव के एक व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। वहीं मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह मौके पर पहुंचकर सोनाडी गांव में संदिग्धों से पूछताछ कर रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात में नियमित गश्त होती, तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने की बात कह रही है
वर्जन
इस संबंध में मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि सूचना भैंस चोरी मिली थी लेकिन सुबह भैंस एक बगीचे में मिल गई है तहरीर मिलेगी तो करवाई की जाएगी


