
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुहम्मदाबाद साइबर सेल ने दो अलग-अलग मामलों में यूपीआई के जरिए ठगी के शिकार हुए लोगों के कुल 27,080 रुपये उनके बैंक खातों में वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पहले मामले में ग्राम कठऊत, पोस्ट गौसपुर निवासी ओम प्रकाश राम के साथ यूपीआई के माध्यम से 7,580 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। घटना के तुरंत बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही मुहम्मदाबाद साइबर सेल सक्रिय हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि होल्ड कराई। इसके बाद आई4सी (I4C) के सीएफसीएफआरएमएस (CFCFRMS) के एमआरएम पोर्टल के माध्यम से पूरी राशि सफलतापूर्वक उनके बैंक खाते में वापस करा दी गई।
दूसरे मामले में वार्ड नंबर-13, जफरपुर मुहल्ला निवासी महताव आल्म के साथ यूपीआई के जरिए 19,500 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पीड़ित ने तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल ने बिना देर किए कार्रवाई करते हुए ठगी की गई पूरी राशि होल्ड कराई और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराते हुए धनराशि उनके बैंक खाते में वापस करा दी।
धनराशि वापस मिलने पर दोनों शिकायतकर्ताओं ने मुहम्मदाबाद पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर समय गंवाए बिना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा संबंधित थाने या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, कांस्टेबल विजय सिंह, कांस्टेबल दुलीचन्द तथा महिला आरक्षी अंजली यादव शामिल रहीं।


