spot_img

Ghazipur news: गहमर पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय बदमाश गिरफ्तार, लूट की नकदी-जेवर, अवैध तमंचे और चोरी की बाइक बरामद

Published:


गाजीपुर: पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय बदमाश गिरफ्तार, लूट की नकदी-जेवर, अवैध तमंचे और चोरी की बाइक बरामद
गहमर (गाजीपुर)। गहमर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो अंतरजनपदीय शातिर बदमाशों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लूट, रंगदारी और चोरी की कई वारदातों में वांछित थे। इनके कब्जे से लूट की 90,620 रुपये नकद, सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई को रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली निवासी मेराज कुरैशी से बकरा खरीदने के बहाने ले जाकर बसुका-करहियां मार्ग पर मारपीट कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली गई थी। हमले में पीड़ित का हाथ भी टूट गया था। इसी दौरान कामाख्या धाम स्थित एक मैरिज हॉल संचालक से खुद को गैंग का सदस्य बताकर फोन पर 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला भी दर्ज किया गया था।
इन घटनाओं के खुलासे के लिए गहमर पुलिस सक्रिय थी। मुखबिर की सूचना पर रेवतीपुर बॉर्डर के पास पुलिस ने संदिग्धों की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी निवासी नोनरा, थाना मरदह तथा समीम शाह निवासी मलेठी, थाना दुल्लहपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुधीर पासी थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गाजीपुर, मऊ, सुल्तानपुर तथा आजमगढ़ समेत विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, रंगदारी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, चोरी की लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट तथा 90,620 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल में दो मोबाइल लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र से चोरी के बताए गए हैं, जबकि अन्य सामान विभिन्न जनपदों में हुई वारदातों से संबंधित होने की बात सामने आई है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी एवं कामाख्या धाम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़