गाजीपुर। थाना रामपुर मांझा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी के शिकार हुए युवक के 44,500 रुपये वापस करा दिए। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जेवल निवासी विनयशंकर प्रजापति के बैंक खाते से साइबर ठगों ने 45,000 रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। मामले की शिकायत मिलने पर थाना रामपुर मांझा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी धनराशि होल्ड करा दी।
इसके बाद एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 33102260045540 के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई। न्यायालय गाजीपुर के आदेश के क्रम में आठ अगस्त को पीड़ित के खाते में 44,500 रुपये वापस करा दिए गए।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मोती लाल, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी संदीप सिंह और महिला कांस्टेबल राधा बिंद शामिल रहीं। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन और संबंधित थाने की साइबर हेल्प डेस्क को सूचना दें, ताकि ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया जा सके।
Published:

