spot_img

Ghazipur news: सैदपुर में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

Published:

spot_img



नाबालिग बच्चियों के अपहरण मामले में था मुख्य वांछित, पुलिस पर 5-6 राउंड फायरिंग जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

गाजीपुर। सैदपुर थाना पुलिस ने नाबालिक बच्चियों के अपहरण के मामले में वांछित चल रहे ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात प्रभारी निरीक्षक सैदपुर अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ₹50 हजार का इनामी अभियुक्त सादात की ओर से गाजीपुर की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने चौकी इंचार्ज भितरी अनोज कुमार सिंह और टीम के साथ अहिरौली गांव के पास प्राइवेट आईटीआई पुरानी पिच रोड पर घेराबंदी कर दी।

पुलिस के मुताबिक, सादात की ओर से मोटरसाइकिल से आए संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि खुद को घिरता देख अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से 5-6 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई।

घायल अभियुक्त की पहचान संजय बिन्द उर्फ बुझारत बिन्द (38) पुत्र बुची बिन्द, निवासी अकटहिया, थाना मुहम्मदाबाद, हाल पता ग्राम बाकरबाद महराजगंज, थाना कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और ₹1,300 नकद बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, अपहरण समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ सैदपुर थाने में भी वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह, उपनिरीक्षक अनोज कुमार सिंह सहित थाना सैदपुर पुलिस टीम शामिल रही।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़