Ghazipur News: गाजीपुर के लाल अंगद यादव को मुख्यमंत्री ने वीरता मेडल से किया सम्मानित

Published:



गाजीपुर। जिले के जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंधऊ गांव निवासी और वाराणसी एसटीएफ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात अंगद यादव को प्रदेश सरकार की ओर से वीरता मेडल से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 16 पुलिसकर्मियों को वीरता मेडल प्रदान किया, जिसमें अंगद यादव भी शामिल रहे। सम्मान मिलने की जानकारी पर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
अंधऊ गांव निवासी मुनीश्वर यादव के पुत्र अंगद यादव बचपन से ही पढ़ाई और खेलकूद में होनहार रहे। पुलिस और सेना में जाने का उनका सपना था। वर्ष 1998 में वाराणसी में पुलिस भर्ती की शारीरिक और लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने प्रयागराज में प्रशिक्षण पूरा किया। उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवा के दौरान उनकी कार्यक्षमता को देखते हुए एसटीएफ वाराणसी में सिपाही के पद पर तैनाती हुई।
एसटीएफ में तैनाती के दौरान अंगद यादव ने कई आपराधिक घटनाओं के खुलासे में अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2012 में उन्हें एसटीएफ में उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। इसके बाद भी वह लगातार विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे।
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने के बाद अंगद यादव ने इसे अपने लिए ऐतिहासिक पल और बड़ी उपलब्धि बताया। उनकी उपलब्धि पर परिजनों के साथ ही क्षेत्रीय लोगों में भी हर्ष है।

विडियो न्यूज़

सम्बंधित न्यूज़

लेटेस्ट न्यूज़