वाराणसी। राष्ट्रसेवा का जज्बा केवल सीमा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के बीच भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी भावना के साथ वाराणसी के मैक्सवेल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, डाफी में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत की ओर से आयोजित लोकमत परिष्कार सभा में राष्ट्रहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी भाई साहब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में पूर्व सैनिकों ने राष्ट्र के प्रति अपने अनुभवों और जिम्मेदारियों को साझा करते हुए समाज में सकारात्मक सोच, जागरूक नागरिकता और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के निर्माण पर जोर दिया।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे वक्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद भी राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटते। उनका अनुशासन, अनुभव और देश के प्रति समर्पण समाज को सही दिशा देने की बड़ी ताकत है। पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों का सम्मान, उनकी समस्याओं का निराकरण और कल्याण सुनिश्चित करना समाज एवं व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।

