गाजीपुर। पुलिस ने शनिवार को जिले के हाईवे पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 460 वाहनों के चालान किए गए। इन पर करीब 7.82 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान में ओवरस्पीड और प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रही।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात और यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने हाईवे पर वाहनों की जांच की।
पुलिस के अनुसार, ओवरस्पीड के मामले में 176 वाहनों के चालान किए गए। नॉइस पॉल्यूशन के छह और प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल पर पांच वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, फाल्टी नंबर प्लेट लगे दो वाहनों के चालान किए गए। अभियान के तहत कुल 460 वाहनों के चालान कर करीब 7,82,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस के अनुसार, हाईवे पर तेज गति से वाहन चलाने और प्रेशर हॉर्न के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

