
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। जनपद में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को मुहम्मदाबाद क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन ने संयुक्त रूप से सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
तहसील गेट, शहनिंदा सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर चलाए गए अभियान में चार पहिया वाहनों पर लगी काली फिल्म हटवाई गई। हेलमेट, सीट बेल्ट, वाहन के दस्तावेज, तीन सवारी और अन्य नियमों की भी गहन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान कुल 65 वाहनों का चालान किया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 4 मोटरसाइकिल और सीज कर दिए गए। तीन सवारी, बिना आवश्यक दस्तावेज और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय एवं नवागत कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान शहनिंदा चौकी प्रभारी अरविंद कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, वाहनों पर काली फिल्म न लगाएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





