गाजीपुर। जनपद में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने आंदोलन को नया स्वरूप देते हुए बुधवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर विनोद जोशी को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने 30 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजीपुर आगमन के दौरान शिष्टाचार भेंट का समय देने तथा अपनी मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने की मांग की।
छात्र नेताओं का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री से सीधे मुलाकात संभव नहीं हो पाती है, तो उनका मांग पत्र हर हाल में मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए, ताकि गाजीपुर के लाखों छात्र-छात्राओं की लंबे समय से लंबित राज्य विश्वविद्यालय की मांग पर निर्णय लिया जा सके।
पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर में 360 से अधिक महाविद्यालय संचालित होने के बावजूद आज तक एक भी राज्य विश्वविद्यालय नहीं है। इसके चलते विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे जिलों और राज्यों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान मंच से राज्य विश्वविद्यालय की मांग को मजबूती से उठाएं।
छात्र नेता अभिषेक पाण्डेय ने कहा कि गाजीपुर के विद्यार्थियों को समान और सुलभ उच्च शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए। वहीं विकास यादव ने कहा कि छात्र समुदाय राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना तक लोकतांत्रिक और सकारात्मक तरीके से अपना अभियान जारी रखेगा।
इस दौरान राज्य विश्वविद्यालय की मांग को लेकर आगे की रणनीति भी बनाई गई। अभियान के संयोजक के रूप में डॉ. शम्मी सिंह और दीपक उपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक उपाध्याय, अभिषेक पाण्डेय, विकास यादव, निलेश बिन्द, विशाल मौर्य, विवेक प्रधान, अमृतांश बिन्द, रजनीश राय, अभिनव रंजन, सुधांशु पांडे सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा मौजूद रहे।
Published:

