भांवरकोल। विकास खंड भांवरकोल की भदौरा ग्राम पंचायत में बिजली व्यवस्था की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत भवन पर विद्युत विभाग द्वारा बिजली कनेक्शन स्वीकृत है, मीटर भी लगा हुआ है और नियमित रूप से बिजली का बिल भी भेजा जा रहा है, लेकिन आज तक भवन तक न तो बिजली के खंभे लगाए गए हैं और न ही विद्युत तार पहुंचाए गए हैं। परिणामस्वरूप पंचायत भवन में बिजली आपूर्ति शुरू ही नहीं हो सकी है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बिट्टू सिंह कुशवाहा ने मीडिया एवं विद्युत विभाग को दिए गए पत्र में बताया कि पंचायत भवन से निकटतम बिजली का पोल लगभग 300 मीटर दूर स्थित है। लाइन का विस्तार नहीं होने के कारण पंचायत भवन पूरी तरह अंधेरे में है और वहां संचालित होने वाले अधिकांश कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बिजली के अभाव में पंचायत के प्रशासनिक कार्य, ऑनलाइन सेवाएं, डिजिटल रिकॉर्ड का संचालन, बैठकों का आयोजन तथा ग्रामीणों को मिलने वाली विभिन्न सरकारी सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। पंचायत भवन में बिजली नहीं होने से कर्मचारियों और ग्रामीणों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने विद्युत विभाग से मांग की है कि जनहित को देखते हुए तत्काल नए विद्युत पोल और एलटी लाइन का विस्तार कराया जाए, ताकि पंचायत भवन में बिजली आपूर्ति शुरू हो सके और सरकारी कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
इस संबंध में जब विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अब ग्रामीणों की निगाहें विद्युत विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक पंचायत भवन तक बिजली पहुंचेगी और जनहित से जुड़े कार्य सामान्य रूप से शुरू हो सकेंगे।

