गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा और नंदगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक वांछित अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से .312 बोर का देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, करंडा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 173/2026 में वांछित अभियुक्त कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह निवासी बरहपुर, थाना नंदगंज को सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के घायल होने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ करंडा और नंदगंज थानों में मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2016 से 2025 तक दर्ज कुल आठ मुकदमों का उल्लेख किया गया है।
बरामदगी: एक देशी तमंचा .312 बोर, दो खोखा कारतूस .312 बोर, एक जिंदा कारतूस .312 बोर और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल।
कार्रवाई करने वाली टीम में करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक मय हमराह तथा नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा मय हमराह शामिल रहे।












