top newsउत्तरप्रदेशक्राइमगाजीपुर न्यूज़गाजीपुर समाचारप्रशासनिकबेकिंग न्यूज़ब्रेकिंगमनोरंजन

Ghazipur news: भांवरकोल फिरोजपुर बारा पीपापुल पर मवेशी लदे भारी पिकअप फंसा पुल का स्लीपर टूटा, आवागमन  ठप

गौ तस्करों के हौंसले बुलंद



भांवरकोल (गाजीपुर ) फिरोजपुर बारा गंगा तट पर बना पीपा पुल गुरुवार देर रात क्षतिग्रस्त हो गया। पुल का स्लीपर टूट जाने से पशुओं से लदा एक पिकअप वाहन उसमें फंस गया। संयोगवश वाहन गंगा की धारा में नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी 2026 की रात फिरोजपुर तट की ओर से एक पिकअप वाहन (UP61BT0997, TATA YODHA 1200) पुल पार कर रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन ओवरलोड था। इसी दौरान पुल का स्लीपर टूट गया और वाहन का पिछला हिस्सा उसमें धंस गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
वाहन पर पीले और काले रंग की प्लास्टिक तिरपाल बंधी हुई थी और चारों ओर रस्सियों से कसा गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन में गाय और बछड़ा लदे होने की आशंका है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन को सुरक्षित निकालने के बाद ही पशुओं की सही संख्या और स्थिति की पुष्टि की जाएगी।
यह पीपा पुल लोक निर्माण विभाग द्वारा मुहम्मदाबाद क्षेत्र को सेवराई तहसील के बारा-गहमर तथा बिहार के सीमावर्ती इलाकों से जोड़ने के लिए बनाया गया है। पुल से रोजाना बाइक, चारपहिया वाहन और पैदल यात्री गंगा पार करते हैं। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण रात के समय इस मार्ग का दुरुपयोग भी होने की आशंका जताई जाती रही है।
घटना के बाद पुल पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। लोगों को नाव के सहारे नदी पार करनी पड़ी। सूचना मिलते ही भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और फंसे वाहन को निकालने का प्रयास शुरू कराया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई जारी है। चालक की तलाश की जा रही है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग खंड प्रथम के अवर अभियंता रवि कुमार यादव ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के आवागमन के कारण गर्डर में लगा बोल्ट कट गया, जिससे स्लीपर टूटने की स्थिति बनी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पुल से अधिकतम तीन टन तक के भार वाले वाहनों का ही आवागमन अनुमन्य है।
फिलहाल पुल की मरम्मत और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क है ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button