चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद(Naurangabad) गांव के पास सोमवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कादिराबाद निवासी शुभम सिंह(Shubham Singh, a resident of Kadirabad) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नवंबर में शुभम की शादी होनी थी, लेकिन शादी की खुशियों से पहले ही सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दुर्घटना में शुभम की बहन समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
नौरंगाबाद के पास दो बाइकों की जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, चंदौली के कादिराबाद गांव निवासी 24 वर्षीय शुभम सिंह पुत्र त्रिभुवन सिंह सोमवार शाम अपनी 30 वर्षीय बहन नेहा सिंह के साथ बुलेट बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों नौरंगाबाद स्थित जनसेवा केंद्र से रुपये निकालकर वापस कादिराबाद जा रहे थे।
इसी दौरान सकलडीहा-नौरंगाबाद मार्ग पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित किया
सकलडीहा सड़क हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को कमालपुर स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने शुभम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में शुभम की बहन नेहा सिंह के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं दूसरी बाइक पर सवार धानापुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी 30 वर्षीय अभिषेक पुत्र श्रीप्रताप भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
नवंबर में होनी थी शुभम की शादी
बताया जा रहा है कि कादिराबाद निवासी शुभम सिंह की नवंबर में शादी होनी थी। परिवार में शादी को लेकर तैयारियां चल रही थीं और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन अचानक हुए चंदौली सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
शुभम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पिता त्रिभुवन सिंह, मां आशा सिंह, बहन रुचि और छोटे भाई शिवम का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
Chandauli Road Accident
Chandauli News : सकलडीहा में इन्वर्टर की बैटरी बनी मौत की वजह
